भोपाल DSP की गोली मारकर हत्या

संवाददाता मौ.हुसैन खान                                                 


भोपाल/अवधपुरी इलाके में बुधवार रात एक युवक ने डीएसपी को घर में घुसकर गोली मार दी। गंभीर अवस्था में परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे,वहां डॉक्टर ने डीएसपी को मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी की मां सायबर सेल में हवलदार के पद पर है। घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है, हालांकि अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

अवधपुरी पुलिस के मुताबिक गोरेलाल अहिरवाल (60), ए-196 अवधपुरी में परिवार के साथ रहते थे। वह पीएचक्यू की सीआईडी शाखा में डीएसपी के पद पर पदस्थ थे। डीएसपी अहिरवाल शाम करीब 7 बजे अपने घर पर थे। इस दौरान उनका पारिवारिक मित्र हिमांशु प्रताप सिंह उनके घर पहुंचा।

किसी मुद्दे पर हिमांशु का उनसे विवाद हो गया। हिमांशु पहले कमरे से निकलकर घर के गेट की तरफ बढ़ा। इसके बाद पिस्टल निकालकर डीएसपी अहिरवार को गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी। परिजन उन्हें लेकर अरेरा कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद डीएसपी को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हिमांशु मौके से फरार हो गया। हिमांशु नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में रहता है। उसकी मां अर्चना सिंह सायबर सेल में हवलदार के पद पर पदस्थ है।

3 अप्रैल को हुई थी बायपास सर्जरी

शहर के विभिन्न थानों में सब इंस्पेक्टर, टीआई रहे जीएल अहिरवाल को वर्ष 2014 में हार्ट अटैक आया था। वह तीन साल से पीएचक्यू की सीआईडी शाखा में पदस्थ थे। 3 अप्रैल को उनकी बायपास सर्जरी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही आईजी जयदीप प्रसाद, डीआईजी इरशाद वली। आईजी सीआईडी आईपी कुलश्रेष्ठ, डी श्रीनिवास वर्मा, एसपी सीआईडी अरविंद सक्सेना सहित अन्य आला अफसर अस्पताल पहुंच गए और अहिरवाल के परिजनों को ढांढस बंधाया। आईजी जयदीप प्रसाद के मुताबिक हत्या का केस दर्ज कर आरोपित हिमांशु प्रताप सिंह की तलाश की जा रही है

अवधपुरी इलाके में बुधवार रात एक युवक ने डीएसपी को घर में घुसकर गोली मार दी