गजेंद्र सिंह चंद्रावत की रिपोर्ट। ...                                                                                                                                                                                             
       भोपाल(मप्र)
एकतरफा प्यार एक युवक के सिर पर इस कदर हावी हुआ कि उसने अपने एक परिचित की जान ले ली. भोपाल में अपने एक परिचित की पत्नी से एकतरफा प्यार करने वाले युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया. मृतक की पहचान असलम के तौर पर हुई है जो लोडिंग ऑटो चलाने का काम करता था. पुलिस ने असलम की हत्या के आरोप में शाहरुख और मोहसिन नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया है. मृतक के भाई अकरम ने को ही अपने भाई की लाश एक सुनसान प्लॉट में मिली. जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया.
14 साल की उम्र से ही करता था प्यार
शाहरुख ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि वह 12 साल पहले असलम के मकान के पास ही रहता था. इस दौरान वह 14 साल का था और उसकी पत्नी से एकतरफा प्यार करने लगा. लेकिन बाद में उसे लगने लगा कि जब तक असलम जिंदा है उसका प्यार एक तरफा से दो तरफा नहीं होगा. इसके चलते उसने असलम की हत्या करने की योजना बनाई. इस दौरान उसने अपने दोस्त मोहसिन को अपने प्यार और फिर हत्या के बारे में बताया. दोस्त की बातों में आकर मोहसिन भी असलम की हत्या के लिए तैयार हो गया.
बहाने से बुलाया और फिर कर दी हत्या
इसके बाद शाहरुख और मोहसिन ने एक रस्सी और चाकू का इंतजाम किया. फिर असलम को फोन कर जेल रोड पर किसी परिचित के घर का सामान ले जाने के लिए बुलाया. असलम जब उनके पास पहुंचा तो शाहरुख असलम के साथ ऑटो में बैठ गया और मोहसिन मोटरसाइकिल पर आगे चलने लगा. रास्ते में शाहरुख ने असलम को भांग का पान खिलाया. अब्बास नगर के पास सुनसान जगह देखकर शाहरुख और मोहसिन ने पहले असलम का गला घोंटा, उसके बाद चाकू से रेत दिया।

गजेंद्र सिंह चंद्रावत की रिपोर्ट। ....                                                                                                                                                                                                                   
  ग्वालियर(मप्र)
शहर से लापता एक नाबालिग लड़की को हरियाणा में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दिल्ली निवासी एक महिला ने डेढ़ लाख रुपये में नाबालिग का सौदा कर हरियाणा में जबरन उसकी शादी करवा दी थी. हरियाणा में नाबालिग को 5 महीने तक जबरदस्ती रखा गया था. ग्वालियर पुलिस (Police) ने अब आरोपी महिला को गिरफ्तार कर नाबालिग को मुक्त करा लिया है, वहीं उससे शादी रचाने वाले को भी दबोच लिया गया है.
नाराज होकर दिल्ली गई थी
बीते साल 15 जुलाई को नाबालिग घर से नाराज हो कर दिल्ली चली गई थी. दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नाबालिग को बबली उर्फ अरुणा नाम की महिला मिली,बबली उसे भरोसे में लेकर अंबाला ले गई और वहां एक किराए के घर में रखा. कुछ दिनों बाद बबली इस नाबालिग को हरियाणा के बनवासा गांव ले गई, यहां एक दलाल के जरिए दूधिया राजेश को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया. जब नाबालिग को हकीकत पता चली तो उसने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन उसे मौका नहीं मिला.
डॉक्टर को पर्ची पर लिखा मां का नंबर
बबली की गिरफ्त में रही नाबालिग का सुराग पुलिस को एक डॉक्टर के जरिए मिला. एक बार नाबालिग बीमार हुई तो बबली उसे इलाज के लिए सहारनपुर में एक डॉक्टर के पास लेकर गई थी, नाबालिग ने इसी दौरान किसी तरह डॉक्टर को एक पर्ची में अपनी मां का नाम और नंबर लिखकर दे दिया था. डॉक्टर ने उसकी मां से संपर्क किया, जिसके बाद मां ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी.
दिल्ली से लेकर पंजाब तक की सर्चिंग
नाबालिग की गुमशुदगी के बाद कोर्ट ने भी उसे जल्द तलाशने के आदेश दिए थे, जिस पर ग्वालियर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और फिर पंजाब हरियाणा में 7 दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया. पुलिस गिरफ्त में आई आरोपी बबली मानव तस्कर गैंग की मास्टरमाइंड बताई जा रही है.जो पंजाब के अंबाला से 100 किलोमीटर दूर बगियाल गांव की रहने वाली है.नाबालिग के साथ जिसने शादी की उसका नाम राजेश जाट है, जो कैथल ग्राम बनवासा हरियाणा का रहने वाला है. पुलिस ने अब नाबालिग लड़की को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है. साथ ही आरोपी महिला और जिस व्यक्ति के साथ उसकी शादी की गई थी उसे पकड़ लिया है. अब पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी होगी.

गजेंद्र सिंह चंद्रावत की रिपोर्ट। ...                                                                                                                                                                                                           
           जयपुर(राज.)
राजस्थान के जयपुर में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक आदमी-औरत ने पहले एक घर में नौकर बन काम करना शुरू किया और जब मौका मिला तो घर से 50 लाख के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों खुद को पति पत्नी बताते थे। घटना उस वक्त घटी जब परिवार को दो दिन के लिए बाहर जाना था। इसी दौरान उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों ने अपने अन्य साथियों को भी बुलाया और तिजोरी में रखे 50 लाख के गहने और नकदी चुराकर फरार हो गए। घर मालिक ने इन्हें सवा महीने पहले ही नौकरी पर रखा था और उनका पुलिस वैरिफिकेशन भी नहीं कराया गया था।हालांकि उससे पहचान पत्र जरूर लिया गया था। इसमें नौकर ने खुद को हरियाणा का बताया था।
यह घटना जयपुर की नेमी सागर कॉलोनी में रहने वाले अभिनव सिंह के साथ हुई। उन्होंने ही पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2019 में अपने परिचित के माध्यम से ओमप्रकाश व उसकी पत्नी दीपा को नौकरी पर रखा था। दोनों का आधार कार्ड और पैनकार्ड भी उसने जमा किया था।
शाम को हुई घटना
25 जनवरी की शाम को अभिनव अपने परिवार के साथ पड़ोस में रहने वाली लड़की की शादी में शामिल होने गए थे। तीन घंटे बाद लौटकर आए तो देखा घर के ताले टूटे हैं। तिजोरी से 50 हजार रु. नकद, सोने व हीरे की अंगूठी, चेन, कुंडल, चूड़ियां,कड़े, पैंडल, मंगलसूत्र,सोने-चांदी सिक्के, महंगी घड़ियां,पेन,ब्रेसलेट, चांदी के गिलास,बालियां, दस्तावेज व दो बैंक लॉकरों की चाबियां गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में ओमप्रकाश और उसकी पत्नी दो अन्य साथियों के साथ यह वारदात करते नजर आए। मकान मालिक ने नौकरों का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं करवाया था। दोनों का फोटो भी नहीं है। पुलिस ने हरियाणा टीम भेजने के साथ ही नौकरों के परिचितों और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। 

सुनील परमार की रिपोर्ट। ...                                         
                                                                                                                                                                       उज्जैन(मप्र)
चीन में कोहराम मचाने वाले जानलेवा कोरोना वायरस (Corona virus) के दो संदिग्ध मरीज़ उज्जैन में भी मिले हैं. ये दोनों संदिग्ध मरीज़ रिश्ते में मां और बेटा हैं. बेटा चीन में पढ़ाई कर रहा है, वो 14 दिन पहले ही चीन से आया है. दोनों मरीज़ों को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की एक टीम इनपर नजर रखे हुए है. इनके स्वाब सैम्पल जांच के लिए एनआईवी (NIV Pune) भेजे गए हैं. इधर प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है. वो पहले ही पूरे प्रदेश के लिए अलर्ट जारी कर चुका है. भोपाल के हमीदिया अस्पताल में अलग वॉर्ड बनाया जा रहा है. चीन से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की जाएगी.
रिपोर्ट आने का इंतज़ार
उज्जैन में रहने वाला कोरोना वायरस से पीड़ित ये संदिग्ध मरीज़ चीन के वुहान शहर में एबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है. वो 13 जनवरी को उज्जैन आया है. तब तक कोरोना वायरस को लेकर एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग शुरू नहीं हुई थी. लिहाजा छात्र का चैकअप नहीं हो पाया था. चीन से लौटने के बाद से उसे लगातार सर्दी-खांसी और बुखार बना हुआ है. एहतियात के तौर पर उसे फौरन अस्पताल में एडमिट कराया गया है,जहां उसे एक आइसोलेटेड वॉर्ड में रखा गया है. उस छात्र की मां भी सर्दी-खांसी से पीड़ित हैं. इसलिए उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मां-बेटे दोनों डॉक्टरों की टीम की निगरानी में हैं. दोनों का स्वाब सैम्पल जांच के लिए पुणे भेजा गया है.रिपोर्ट का इंतजार है।
हमीदिया में बनेगा आइसोलेशन वॉर्ड
उज्जैन कलेक्टर लगातार मामले पर नज़र बनाए हुए है. उन्होंने बताया कि इस तरह के लक्षण वाले मरीजों की पहचान की जा रही है. प्रशासन और स्वास्थ विभाग की टीम को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं. अगर मरीज़ों में कोरोना होने की पुष्टि होती है तो पैरामेडिक्स और डॉक्टरों की अलग टीम बनाने निर्देश दिए गए हैं. इस केस के बाद राजधानी भोपाल में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. हमीदिया अस्पताल में आइसोलेटेड वॉर्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है.
एयरपोर्ट पर यात्रियों की होगी स्क्रीनिंग
कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज़ मिलने के बाद एमपी के स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने सभी सीएमएचओ को बीमारी से बचाव और इलाज के बेहतर इंतजाम के लिए निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही इंदौर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चीन और वायरस के प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए कहा गया है।

Trending

[random][carousel1 autoplay]

NEWS INDIA 19

{picture#https://lh4.googleusercontent.com/-VoMUBfl84_A/AAAAAAAAAAI/AAAAAAAAAl0/dYNz-ThYfQA/s512-c/photo.jpg} 'News19 India' established in Madhya Pradesh is an 24 hour's Satelite News channel & Hiring Hindi News paper. Its Beginning on August 2018 and its Headquarters are in Indore, Madhya Pradesh. In a very short Time this became India's Most Popular Hindi News Portal & News Paper and Has Consistently Maintained its Reputation.
Blogger द्वारा संचालित.